नेर गांव में बाप बेटे पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस की जांच में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के नेर गांव में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी हेम राज पर हुए दराट से जानलेवा हमले के पीछे उनके बेटे आदित्य का प्रेम विवाह मुख्य कारण बताया जा रहा है। गांव की ही एक युवती के साथ जिला कांगड़ा के एक मंदिर में गुपचुप तरीके से हुई शादी से नाराज मायका पक्ष के कुछ रिश्तेदारों ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्तों में गहरी खाई पैदा हो गई है। प्रेम विवाह को लेकर नाराज चल रहे दुल्हन पक्ष के सदस्यों को पुलिस चौकी बस्सी में बीती 17 तारीख को दोनों पक्षों के साथ बुलाकर समझाने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद तीन दिन बाद दुल्हन के नाबालिग भाई, ताया के बेटे और चाचा बलवीर निवासी कुंडूनी पर हेम राज पर हमला करने का आरोप है। हमले के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया है। घायल हेम राज ने अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में भी उनके परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला हो सकता है, इसलिए उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए। पुलिस के अनुसार जोगिंद्रनगर के नेर गांव में दराट के हमले में घायल लोक निर्माण विभाग कर्मचारी को पुलिस निगरानी में प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। परिवार की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। -विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक, मंडी