पंडोह (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पुल टूटने के बाद बाखली खड्ड पर ग्रामीणों द्वारा बनाई गई अस्थायी और वैकल्पिक सड़क पर एक बोलेरो टैक्सी अचानक पलट गई। टैक्सी पंडोह की ओर से आ रही थी। पंडोह डैम का जलस्तर बढ़ने के कारण अस्थायी सड़क पर पानी से वाहन का संतुलन बिगड़ा। इससे टैक्सी खड्ड के पानी में आधी डूब गई।
गनीमत रही कि टैक्सी में सवार सभी छह यात्री सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर खींचा गया। बता दें कि 30 जून की रात आई भीषण आपदा में सराज क्षेत्र की 16 पंचायतों की लाइफलाइन कहा जाने वाला पुराना बाखली पुल पूरी तरह से तहस-नहस हो गया था।
पुल टूटने के बाद तीन महीने तक कोई स्थायी समाधान न होने पर स्थानीय लोगों ने आपस में 5-6 लाख रुपये एकत्र कर पिछले महीने खड्ड को पार करने के लिए इस वैकल्पिक सड़क का निर्माण किया था। इससे से लोगों की आवाजाही हो रही थी। मगर शनिवार को हुए हादसे के बाद लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
वैकल्पिक मार्ग से गुजरना भी जोखिम भरा : उपप्रधान
ग्रामीण में दामोदर, भूपेंद्र, प्रशांत और विकास ने चेताया कि यदि जल्द ही प्रशासन ने स्थायी पुल के निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल सड़क को अस्थायी रूप से फिर से चालू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने सरकार से बाखली क्षेत्र में स्थायी पुल का शीघ्र निर्माण करने की अपील की है। उधर, कुकलह पंचायत के उपप्रधान रेवती ठाकुर ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोक निर्माण विभाग को जल्द नया पुल बनाने के लिए कदम उठाने चाहिए।
पंडोह डैम प्रबंधन ने रोका है बग्गी नहर का पानी
डैहर विद्युत पॉवर प्रोजेक्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण पंडोह डैम प्रबंधन को ब्यास नदी पर बने डैम से बग्गी नहर की ओर लगभग 9 हजार क्यूसेक पानी की सप्लाई रोकनी पड़ी। इससे बाखली खड्ड का जल स्तर काफी बढ़ गया है। इस कारण ग्रामीणों द्वारा बनाई गई वैकल्पिक सड़क भी पानी में डूब गई। अब खड्ड को पार करते हुए वाहन पानी में डूबकर गुजर रहे हैं। इससे 16 पंचायतों के हजारों वासी एक और आपदा से घिर गए हैं।
नए पुल के लिए अनुमान (एस्टिमेट) तैयार कर भेज दिया गया है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, उसके बाद पुल का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वैकल्पिक मार्ग लोक निर्माण विभाग द्वारा नहीं बनाया गया है और न ही विभाग उसे पुनः सुचारू करेगा।
-विनोद शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
बाखली खड्ड पार करती पल्टे वाहन को जेसीबी के माध्यम से निकालते हुए। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बाखली खड्ड पार करती पल्टे वाहन को जेसीबी के माध्यम से निकालते हुए। स्त्रोत- जागरूक पाठक