फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिजिटल अरेस्ट ठगी : 20 से अधिक बैंकों में पहुंची धनराशि

विज्ञापन
विज्ञापन
जोगिंद्रनगर (मंडी)। डिजिटल अरेस्ट के जरिये जोगिंद्रनगर में सेना से सेवानिवृत्त 67 वर्षीय एक व्यक्ति से ठगे गए करीब छह लाख रुपये का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला मिला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम करीब 44 घंटे के भीतर उत्तर भारत के 20 से अधिक बैंकों के खातों में ट्रांसफर की गई। इनमें आईसीआईसीआई, कोटक महिंद्रा, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी, यूको बैंक, इंडियन बैंक और पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों के खाते शामिल बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन

पुलिस ने संबंधित खातों को फ्रीज करवाने के साथ खाताधारकों की केवाईसी और आधार कार्ड से जुड़े दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अब संबंधित बैंक प्रबंधकों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है, जिससे खातों और उनमें हुए लेनदेन से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल की जा सके।
पुलिस के अनुसार ठगी में शामिल गिरोह का नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैला हुआ है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर दबिश के लिए टीमें तैयार की गई हैं।
विज्ञापन

जोगिंद्रनगर में साइबर ठगों ने सेना से सेवानिवृत्त व्यक्ति को पुलिस और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नाम पर डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी देकर करीब छह लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि थाने में साइबर ठगी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने लोगों से अपरिचित नंबरों से आने वाली कॉल पर सतर्क रहने और इंटरनेट पर बैंकिंग या अन्य महत्वपूर्ण निजी जानकारी साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठगी होने की स्थिति में लोग बिना देरी किए पुलिस से संपर्क करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें