धर्मपुर (मंडी)। इस बार धर्मपुर की दिवाली में कोहरे के लड्डू और फलों से बनी मिठाइयों की खुशबू से महकेगी। इसके लिए धर्मपुर किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) महिला समूहों के साथ मिलकर पांच केंद्रों पर 30 क्विंटल कोदरे के लड्डू और बर्फी, पपीते के पेड़े, सेब के लड्डू-चटनी और जैम आदि तैयार करवा रहा है। इन्हें 28 और 29 अक्तूबर को दिवाली उत्सव पर आम लोगों को बेचा जाएगा।
एफपीओ धर्मपुर के अध्यक्ष सत्तपाल सिंह चौहान और सचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एफपीओ 28 और 29 अक्तूबर को डॉ. विजय मेमोरियल पब्लिक स्कूल धर्मपुर के प्रांगण में दो दिवसीय दीपावली उत्सव-उड़ान कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके लिए कोदरे के लड्डू और बर्फी, पपीते के पेड़े, सेब के लड्डू-चटनी और जैम आदि तैयार किए जा रहे हैं। सकोह-तड्डून-खनोड केंद्रों पर 12 क्विंटल, तनियार-टिहरा में सात क्विंटल, जोढन प्रथम और द्वितीय में पांच क्विंटल और बरोटी में भी पांच क्विंटल मिठाई तैयार की जा रही है।
दीपावली के लिए ताजा, बिना दूध और खोये की मिठाइयां तैयार करने के लिए महिला समूहों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. कविता और खाद्य पदार्थों के विशेषज्ञ डॉ. हरदयाल सिंह ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानदंडों के अनुसार महिलाओं को मिठाई तैयार करने का विशेष प्रशिक्षण दिया है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर किसान उत्पादक संगठन की यह पहल दूसरे एफपीओ के लिए भी पथ प्रदर्शक का काम करेगी। इस उत्सव में धर्मपुर के अलावा मंडी जिला के अन्य एफपीओ और उत्पादक समूह भी भाग लेंगे और दीपावली के मौके पर अन्य कई प्रकार के उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे। एफपीओ धर्मपुर के सभी क्षेत्रों जैसे संधोल, टिहरा, चोलथरा, सजाओ पिपु, मंडप, बरोटी, मढ़ी, धर्मपुर में 30 और 31 अक्तूबर को मोबाइल गाड़ी से भी इन मिठाइयों को उपलब्ध करवाएगा।