हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एनएच-03 धर्मपुर-कोटली-मंडी सड़क पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हवानी के पास डंगा गिरने से बजरी से लदा टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे जा गिरा। हादसे में टिप्पर चालक निर्मल सिंह (50) की मौत हो गई। टिप्पर बरोटी की ओर जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हवानी के पास यह हादसा हुआ। डंगा गिरने के बाद टिप्पर सड़क से नीचे लुढ़क गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
ठेकेदार और मजदूरों ने चालक को सड़क तक पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धर्मपुर विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। इस दौरान वहां बिजली लाइन का काम कर रहे ठेकेदार मेहुल तपवाल और उनके साथ काम कर रहे मजदूरों ने घायल चालक को सड़क तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्मल सिंह को मृत घोषित कर दिया।