बालीचौकी की पंचायत थाटा में जान को जोखिम डालकर देवता उफान खडड से पार करवाते श्रद्धालु। स्रोत जा
बालीचौकी (मंडी)। थाटा में सोमवार सुबह भारी बारिश से उफनी खड्ड के बावजूद श्रद्धालुओं ने अराध्य देवता शैटीनाग को शाउण मेले के लिए थाटा से रांगचा सुरक्षित पहुंचाया। पानी घुटनों तक पहुंच चुका था, लेकिन आस्था के आगे यह बाधा नहीं बन पाई।
देवलु पियूष ठाकुर ने बताया कि सभी ने चेन बनाकर खड्ड को पार किया। स्थानीय निवासियों टिकम राम, ढाबे राम, मुकेश शर्मा, प्रवीण कुमार आदि ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं और बरसात के मौसम में जान जोखिम में डालकर खड्ड पार करनी पड़ती है। बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित होता है। कई बार रस्सी और अन्य साधनों की मदद लेनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत ने यहां पहले एक पुलिया बनाई थी, लेकिन पांच साल पहले वह बह गई। पूर्व सरकार के समय खड्ड पार करते बच्चों का वीडियो वायरल होने पर विभागीय अधिकारी पहुंचे थे और पुल के लिए 18 लाख रुपये स्वीकृत भी हुए थे, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द स्थायी पुल बनाया जाए ताकि बरसात में आवागमन बाधित न हो।