लापरवाही में शामिल चुनाव कर्मियों पर हो सकती है कार्रवाई
स्थानीय प्रशासन ने जिला पंचायत प्रशासन को सौंपी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर पंचायत चुनाव में 30 मतपत्र गायब होने के मामले में विभागीय जांच शुरू हो गई है। स्थानीय प्रशासन ने जिला पंचायत एवं उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपने के बाद जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चुनाव कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। चौंतड़ा स्थित स्ट्रॉन्ग रूम से पहले चरण के चुनाव से दो दिन पूर्व मतपत्रों के आवंटन और लेखन के दौरान 30 मतपत्र गायब होने का मामला सामने आया था। इस पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीष चौधरी ने एआरओ सहित 9 कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाते हुए उन्हें चुनावी कार्यों से हटा दिया था। अब इस प्रकरण की विभागीय जांच शुरू होने से चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जिला निर्वाचन आयोग और जिला पंचायत विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब कर ली है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इधर मैण भरोला पंचायत में फर्जी वोटिंग के मामले में भी एसडीएम ने मौके पर तैनात कर्मचारियों से रिपोर्ट प्राप्त कर ली है। यहां भी लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की संभावना है।
बॉक्स
विकास खंड चौंतड़ा में मतपत्र गायब होने की रिपोर्ट जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत अधिकारी को सौंप दी गई है। संबंधित विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। इस मामले में स्थानीय पुलिस थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। -मनीष चौधरी, एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी, जोगिंद्रनगर