सुंदरनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में लंबे समय से बंद पड़ी डेंटल एक्स-रे की सुविधा अब फिर से शुरू कर दी गई है।
हालांकि, अब तक यह सुविधा दंत विभाग में ही उपलब्ध थी, लेकिन अब इसे सामान्य एक्स-रे के तकनीशियन द्वारा किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल ने एक अलग कैबिन भी तैयार किया है। डेंटल एक्स-रे की एवज में मरीजों से 60 रुपये का शुल्क लिया जाएगा, जबकि सामान्य एक्स-रे पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इस नई व्यवस्था को लेकर तीमारदारों में रोष है। मरीजों के तीमारदारों राजेश, जोगिंद्र, जय प्रकाश और सीमा देवी का कहना है कि जब अन्य एक्सरे पर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, तो फिर डेंटल एक्सरे पर शुल्क क्यों लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दंत मरीजों को एक्सरे के लिए 60 रुपये खर्च करने पड़ेंगे, जो उचित नहीं है। इससे पहले अल्ट्रासाउंड और ईसीजी पर भी शुल्क लगाया हुआ है।
उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डेंटल एक्स-रे शुल्क सरकार के निर्देश के तहत निर्धारित किया गया है। एसएमओ डॉ. चमन ठाकुर ने बताया कि अब सामान्य एक्सरे तकनीशियन द्वारा ही डेंटल एक्सरे किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पहले यह सुविधा दंत विभाग द्वारा दी जाती थी, लेकिन अब नई अधिसूचना के अनुसार इसे सामान्य एक्सरे विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा के लिए मरीजों को 60 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि अन्य एक्स-रे के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।