भंगरोटू मैदान लौटाने का भी उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री से मिले बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंगलवार को शिमला में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने बैहना वार्ड को नगर निगम मंडी से बाहर कर दोबारा पंचायत क्षेत्र में शामिल करने, भंगरोटू मैदान को स्कूल के खेल मैदान के रूप में बहाल करने और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
विधायक ने मुख्यमंत्री का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या भंगरोटू और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बनौण (शिक्षा खंड रिवालसर) को यथावत रखने के फैसले के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भावना के अनुरूप है।
इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम मंडी के वार्ड-14 बैहना को नगर निगम क्षेत्र से बाहर कर पंचायत का दर्जा देने अथवा उसे पुनः पंचायत क्षेत्र में शामिल करने की मांग उठाई।
विधायक ने भंगरोटू मैदान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान यहां कोविड सेंटर और अस्थायी अस्पताल बनाया गया था। अब इस मैदान को फिर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंगरोटू को खेल गतिविधियों के लिए सौंपा जाए, ताकि विद्यार्थियों और क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा विधायक ने बल्ह क्षेत्र में विभिन्न विभागों के तहत लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को जल्द शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने पेयजल योजनाओं, सड़कों, नालियों और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।