एसडीएम धर्मपुर को ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। प्रदेश सरकार ने संधोल और धर्मपुर में नई नगर पंचायतें बनाने को मंजूरी दे दी है। धर्मपुर नगर पंचायत के प्रस्ताव में पांच राजस्व मुहाल को शामिल किया है।
इनमें बनवार कलां, बरडाणा, कलस्वाई, धर्मपुर और छपाणु मुहालों को शामिल किया है। छपाणु मुहाल के उप गांव एवं भरौरी पंचायत में शामिल करोला, गलू और बरतो हैं। अगर यह पूरा राजस्व मुहाल धर्मपुर नगर पंचायत में शामिल होता है तो यह उप गांव भी नगर पंचायत में शामिल हो जाएंगे। इसी को लेकर इन उप गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय धर्मपुर पहुंचकर एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा है।
इसमें सरकार और प्रशासन से मांग उठाई है कि उन्हें भरौरी पंचायत में ही रहने दिया जाए। कहा कि वे नगर पंचायत में शामिल नहीं होना चाहते। एसडीएम कार्यालय में न होने पर ग्रामीणों ने कार्यालय अधीक्षक सुनील कुमार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा है। इस पर तुंरत कार्रवाई की मांग की है। कार्यालय अधीक्षक सुनील कुमार ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की। कहा कि ग्रामीणों के ज्ञापन को उपायुक्त मंडी को प्रेषित कर दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ग्राम पंचायत भरौरी की प्रधान नीता ठाकुर, ग्रामीण सोमा देवी, नरिंद्र कौर, उर्मिला, सीता, पवना, शीला देवी, हिम्मा, रूमादेवी, अमृता, प्रजादेवी, लीला, रीना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद