पेंशन की मांग को लेकर मेयर को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ मंडी ने बुधवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर मेयर सुमन ठाकुर और आयुक्त डॉ. मदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। महासंघ के अध्यक्ष हंसराज ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत तीन महीने पूर्व 2016 के संशोधित वेतनमान के आधार पर पेंशन देने के निर्देश जारी किए गए थे लेकिन कर्मचारियों को अभी भी 2006 के वेतनमान पर ही पेंशन मिल रही है।
इसके अलावा व1ॅटके मेडिकल रीइन्बर्समेंट बिलों के तुरंत भुगतान की मांग उठाई है। साथ ही बुजुर्ग और असहाय पेंशनरों के बिल जमा करवाने में सहायता के लिए कार्यालय में एक कर्मचारी तैनात करने का आग्रह किया है। इसके अतिरिक्त संघ ने पेंशनरों के मुद्दों पर चर्चा के लिए टाउन हॉल या निगम कार्यालय में एक कमरा आवंटित करने तथा निगम की दुकानों व रेहड़ी-फड़ी के आवंटन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए कोटा निर्धारित करने की बात रखी। मेयर और आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।