सोलन स्थानांतरण के फैसले पर पुनर्विचार की मांग रखेगी संघर्ष समिति
आयुष मंत्री और विभाग के आला अधिकारियों के साथ होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर से क्षेत्रीय सुगंध एवं औषधीय पादप केंद्र (आरसीएफसी) को सोलन स्थानांतरित करने के फैसले के विरोध में चल रहा आंदोलन अब दिल्ली पहुंच गया है। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने आरसीएफसी संघर्ष समिति को 9 अक्तूबर को बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
संघर्ष समिति केंद्र के स्थानांतरण के फैसले पर पुनर्विचार की मांग को लेकर अपना पक्ष रखेगी। समिति के अध्यक्ष गुरुशरण परमार, महासचिव अजय ठाकुर और संयोजक कुशाल भारद्वाज ने बताया कि बैठक में जोगिंद्रनगर में पिछले सात वर्षों से संचालित केंद्र की उपलब्धियों और गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया जाएगा।
समिति किसानों को हुए लाभ, केंद्र पर खर्च हुई राशि और इसकी उपलब्धियों की जानकारी भी मंत्रालय के समक्ष रखेगी। बैठक में परियोजना प्रबंधन समिति (पीएमसी) के सदस्य और किसान भी शामिल होंगे। समिति का कहना है कि केंद्र के सोलन स्थानांतरण से क्षेत्र के किसानों और इससे जुड़े लोगों में रोष है। दिल्ली में होने वाली बैठक को फैसले पर पुनर्विचार की दिशा में अहम माना जा रहा है।