सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के गांव भनवाड़ से पंजराला फागला धार सड़क पर बरसात के दौरान गिरे डंगे के कारण एक दो मंजिला घर को खतरा हो गया है। घर में दरारें आ गई हैं और अब मकान गिरने का खतरा बढ़ गया है।
पीड़ित परस राम ने बताया कि इस स्थान पर डंगा लगाने की मांग को लेकर उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य से भी गुहार लगाई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मिस्त्री का काम करने वाले परस राम ने बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर को ज्ञापन सौंपते हुए यहां पर डंगा लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि बारिश का दौर जारी रहा, तो मकान कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। परस राम की मांग है कि जल्दी से डंगा लगाकर इस क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए, ताकि घर की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और आने वाली बारिश से कोई और नुकसान न हो।