खतरा बने पेड़ों को हटाने की जहमत नहीं उठा रहा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में सूखे पेड़ के अचानक गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत के बाद भी प्रशासन नहीं जागा है। समूचे उपमंडल में खतरा बने सूखे पेड़ों को हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सरकाघाट सड़क पर भट्ठा, हाईवे पर चौंतड़ा से एहजू और घट्टा तक सड़क के दोनों ओर सूखे पेड़ों के कारण लोगों में दहशत है।
लडभड़ोल क्षेत्र में भी सड़कों के किनारे सूखे पेड़ हादसों का कारण बन रहे हैं। अंधड़ चलने से ये पेड़ गिर रहे हैं। इनकी चपेट में लोग आ रहे हैं लेकिन प्रशासन इन पेड़ों को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। चार दिन पहले सरकाघाट सड़क पर भट्ठा के समीप स्कूटी सवार राजमल की दर्दनाक मौत भी हो गई, लेकिन अभी भी इस स्थान से सूखे पेड़ों को हटाने को लेकर कोई भी योजना विभागीय अधिकारियों ने तैयार नहीं की।
मंगलवार को भट्ठा निवासी मनोज कुमार, लेख राम, मनीष ने बताया कि सूखे पेड़ों को अगर जल्द हटाया नहीं गया तो यहां पर और भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। इधर, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर परिसर में भी सूखे पेड़ नहीं हटाए जा रहे हैं। उधर एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल में खतरा बने सूखे पेड़ों की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों से हासिल करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद