जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले की अंतिम संध्या में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
गोहर (मंडी)। जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेेेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक नरेंद्र ठाकुर ने पहाड़ी नाटी पर खूब धमाल मचाया। स्थानीय कलाकारों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। संध्या में विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पीके शर्मा और प्रदेश कांग्रेस पूर्व सचिव संजू डोगरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
पंचायत प्रधान कमला देवी ने मुख्य अतिथि को टोपी और शाल पहनाकर सम्मानित किया। अंतिम संध्या में मुख्य कलाकार गायक नरेंद्र ठाकुर ने मंच पर बेटी है अनमोल पर आधारित गीत बेटी है अनमोल धन सा यारो से अपने कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद ठंडे पानी री धारा, तुंगा बोलो ओ कातकी दाइये, ख्योड़ नालो से पाणिया ओ घुट घुट पीना हो, रोक भाभीये ओ रोक अपनी बैहना जो रोक, बोतला फुटिया हाए रे नातिया, बोतला फुटी ओ, बुरा लागा ओ तेरा पानी पीऊणा, धारा रा पानी पीना ओ अम्मा, पाटु आली ओ भानजिये नाटी पर दर्शकों को खूब नचाया।
इसके अलावा सुमन शर्मा गोहर, शिव शक्ति म्यूजिकल ग्रुप चैलचौक, हरशु म्यूजिकल ग्रुप सुंदरनगर तथा हरीश चांबी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। लोक संपर्क विभाग के कुलदीप गुलेरिया ने रफी और किशोर के गीतों से पुराने जमाने की यादें ताजा की। उन्होंने ..जाने कहां गए वो दिन, कहते थे तेरी याद में आदि गाने प्रस्तुत किए। प्रिया ग्रुप मंडी, खिमू चौहान जयदेवी, सागर ग्रुप कूल्लू, सुरेश कनैड़ और खुशबू शर्मा ने फिल्मी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों से समा बांधा। लोक गायक सूरज मेहता ने जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया, तेरे नैणा रे इशारे, कुल्लू री बांकी सहेली के अलावा पहाड़ी नाटी पर खूब वाहवाही लूटी।