जोगिंद्रनगर के उपडाकघर में राखियों के पार्सल, रजिस्ट्री व अन्य कार्यों के लिए उमड़ी लोगों की भी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। रक्षाबंधन पर्व पर दूरदराज क्षेत्रों में बैठे भाइयों को राखी पहुंचाने के लिए डाकघरों में बहनों के पसीने छूट रहे हैं। सीमित संसाधनों से उप डाकघरों में भी उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। जोगिंद्रनगर उप डाकघर में इस बार अतिरिक्त काउंटर स्थापित न होने से महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रतिदिन 300 से 400 राखी के पार्सल पहुंच रहे हैं जिन्हें देश के विभिन्न कोनों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। डाकघरों में सीमित समय की अवधि के चलते महिलाओं की भीड़ सुबह नौ बजे ही उमड़ना शुरू हो गई है जबकि दोपहर बाद तक भी भीड़ के चलते कुछ बहनों को मायूस होकर लौटना पड़ा। नौ अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार देश भर में मनाया जाएगा।
बुधवार को उप डाकघर जोगिंद्रनगर में रजिस्ट्री करवाने पहुंचे अधिवक्ता रणजीत चौहान ने बताया कि सीमित काउंटरों के चलते उन्हें भी अपना काम करवाने के लिए कतारों में लगना पड़ा। रक्षाबंधन पर्व पर राखी की स्पीड पोस्ट करवाने पहुंची महिला बनिता, शर्मिला और गीताजंली ने बताया कि डाकघरों में भीड़ के चलते उन्हें भी काफी इंतजार करना पड़ा।
डाक सहायकों के तीन पद खाली हो जाने से काउंटर अभी तक स्थापित नहीं हो पाए हैं। डाक कर्मी देर शाम तक अपनी सेवाओं का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कर रहे हैं।
-मलिका, पोस्टमास्टर, उप डाकघर जोगिंद्रनगर