फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे में महिला की मौत, गुस्साए लोगों ने पांच घंटे रोका एनएच

Fri, 25 Mar 2016 10:47 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मंडी
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जड़ोल के पास वीरवार सुबह करीब दस बजे सलापड़ से सुंदरनगर की ओर से आ रही एक स्कूटी को गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस घटना में स्कूटी पर सवार सलापड़ के पट्टा निवासी पूनम पत्नी संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई घुमारवीं के अमरपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र शिव कुमार हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया है।
विज्ञापन


इस घटना के करीब एक-डेढ़ घंटे बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से स्थानीय लोग भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने एंबुलेंस पर पथराव कर दिया और स्थानीय प्रशासन, पुलिस व फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी के खिलाफ महिला का शव बीच सड़क पर रख कर प्रदर्शन करते हुए एनएच बंद कर दिया।

मामला तनावपूर्ण होने के बाद एसडीएम सुंदरनगर राजीव कुमार व एएसपी मंडी कुलभूषण वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्हें भी प्रदर्शन कर रहे लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने सरकार, फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी व स्थानीय प्रशासन को दुर्घटना के लिए जिम्मेवार ठहराते हुए नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन जारी रखा।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों का कहना था कि जब से फोरलेन का निर्माण हो रहा है पुंघ से लेकर भवाणा तक सड़क की हालत बेहद खराब है। इस कारण यहां पर रोजाना हादसे हो रहे हैं, लेकिन सड़क की हालत को सुधारने के लिए प्रदेश सरकार, प्रशासन व फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसा होने के कुछ ही मिनट के बाद पुलिस व एंबुलेंस को इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, वहीं जब एंबुलेंस डेढ़ घंटे बाद पहुंची तो उसमें स्ट्रेचर तक नहीं था।

इस कारण गुस्साए लोगों ने 108 एंबुलेंस में तोड़फोड़ भी की। पांच घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह लोगों को शांत कर मौके पर महिला का पोस्टमार्टम किया गया। उसके बाद एनएच पर यातायात बहाल हुआ। मौके पर पहुंचे एडीएम विवेक चंदेल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में यहां पर इस तरह के हादसे न हो इसके लिए उचित कदम उठाये जाएंगे।

उन्होंने फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी को भी जल्द सड़क की हालत सुधारने के निर्देश दिए। सुंदरनगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे धर दबोचने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें