बल्ह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत रियुर के वार्ड दो में चोरों ने घर के सदस्यों को कमरों में बंद कर चोरी को अंजाम दिया है। शातिरों ने एक साथ दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। दोनों घरों में शातिरों ने ताले तोड़ दिए। लेकिन, वह एक ही घर से चोरी करने में कामयाब हो पाए। चोरों ने पंचायत के वार्ड दो में एक घर से चांदी के आभूषणों और वस्त्रों पर हाथ साफ किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुमार देव पुत्र गिरधारी लाल निवासी रियुर के घर के शातिरों ने ताले तोड़कर 15 हजार रुपये के चांदी के आभूषण और कपड़े चोरी किए हैं। घटना के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सोए थे। जिन कमरों में परिवार के सदस्य सोए थे, उन कमरों को शातिरों ने बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक कमरे का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। इसके बाद पड़ोस के एक अन्य घर में शातिरों ने चोरी का प्रयास किया। लेकिन, यहां वह चोरी करने में सफल नहीं हो पाए। हालांकि चोरों ने हरीश चंद्र के मकान का ताला तोड़ दिया था। इससे पहले शातिर कमरे में घुस पाते हरीश चंद्र का बेटा नवीन कुमार जाग गया। उसने अपने परिजनों और पड़ोसियों को जगाया। शातिर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
रियुर पंचायत के उपप्रधान नीलमणी शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश शर्मा ने पुलिस से चोर गिरोह पर शिकंजा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। एसएचओ बल्ह संजीव सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे। मामले की छानबीन जारी है।