आईपीएच विभाग थुनाग कार्यालय में कार्यरत पटवारी की मौत होने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार (49) निवासी बाल्ट तहसील बल्ह के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मौत के कारणों की छानबीन में जुट गई है। एसएचओ गोहर चांद किशोर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को थुनाग आईपीएच कार्यालय में तैनात पटवारी देवेंद्र कुमार ड्यूटी पर आया था। इसके बाद वह अपने किराये के मकान में चला गया।
वीरवार रात को अचानक उसकी मौत हो जाने के बाद उसकी पत्नी ने इसकी सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान भी लिए हैं। एसएचओ चांद किशोर ने बताया कि पटवारी की मौत कैसे हुई इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।