नाचन विधानसभा के हटगढ़ क्षेत्र में बाइक सवार एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर बीएसएल नहर में जा गिरा। नहर के तेज बहाव में बहने से व्यक्ति का कोई पता नहीं लग पाया है। पुलिस व गोताखोरों ने नहर में तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक व्यक्ति बाइक से गिर कर सीधे बीएसएल नहर में बह गया। उक्त व्यक्ति ग्राम पंचायत सलवाहण निवासी पवन कुमार बताया जा रहा है। जोकि बाइक एचपी 33 सी-8049 से सुंदरनगर की ओर जा रहा था। इस दौरान कंसा हिल के पास पवन कुमार की बाइक स्किट हो गई जिससे वह उछल कर बीएसएल नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने से उसका कोई पता नहीं लगा है।
क्रैश प्लांट ड्यूटी दे रहे ग्राम पंचायत दियारगी के वार्ड मेंबर श्याम लाल ने जब बाइक की आवाज सुनकर आया तो देखा कि एक व्यक्ति नहर में गिर गया। वार्ड मेंबर के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। दयारगी पंचायत प्रधान तुलसी देवी की सूचना पर बल्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिस जगह से पवन कुमार बाइक से गिर कर नहर में गिरा। वहां पर सुरक्षा के लिए न पैरापिट है न ही सुरक्षा दीवार लगी है।
ग्राम पंचायत प्रधान पिंकू चौधरी ने कहा कि बीएसएल नहर बग्गी से धनोटू सुंदरनगर तक प्रतिदिन कोई न कोई हादसा होता ही हैै। कोई नहर में छलांग लगाकर आत्म हत्या करता है तो बाइक, स्कूटर से नहर में गिरता है। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने बग्गी से धनोटू सुंदरनगर तक सुरक्षा जाली लगाई जाए।
बल्ह थाना प्रभारी संजीव सूद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक सवार सुंदरनगर की ओर जा रहा था कि बाइक स्किट होने से नहर में जा गिरा। उन्होंने बताया कि नहर में पानी का तेज बहाव होने से अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस और गोताखोरों की टीम बहे व्यक्ति की तलाशी की है, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया है।