सुंदरनगर के तुनाही में वीरवार रात को पत्नी ने कथित प्रेमी से मिलकर अपने पति को जहर दे दिया। देर शाम को पति की घर पर मौत हो गई। आस पड़ोस के लोगों ने बीएसएल थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। तुनाही निवासी लेखराज दिहाड़ीदार का काम करता था।
काफी समय से दंपति में झगड़ा चला रहता था। इस कारण आस पड़ोस के लोग भी परेशान थे। करीब एक सप्ताह पहले महिला ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। जब उसकी तबीयत खराब हो गई तो उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया था। श्हां पर चिकित्सकों ने उसकी जान बचा ली थी। स्थानीय लोगों के अनुसार वीरवार सुबह से मृतक लेखराज की हालत खराब थी। दोपहर को उसने कई बार उल्टियां कीं।
देर शाम को मौत हो गई। उन्हें उसकी हत्या होने की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के बच्चों से पूछताछ की तो पाया कि उनके पापा को उनकी मां ने करीब तीन बार दूध दिया था। पुलिस ने शक के आधार पर रात को ही महिला को हिरासत में ले लिया। यहां पूछताछ में प्रेम प्रसंग का खुलासा किया।
पुलिस ने महिला के प्रेमी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। भादसं की धारा 302,328 और 120 बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बीएसएल थाना प्रभारी भीमसेन ने बताया पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में मौत का कारण जहर ही सामने आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।