उपमंडल करसोग की कलासन खड्ड में सोमवार को कपड़े धोने गई एक महिला की डूबकर मौत हो गई। घटना का पता लगने ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिला को खड्ड से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करसोग पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जानकारी के अनुसार खड्ड के किनारे कपड़े धोते समय 39 वर्षीय अविवाहित महिला सुरेंद्रा पुत्री हरि सिंह को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से वह खड्ड में गिर गई। महिला की मां भी कपड़े धोने के लिए खड्ड की ओर जा रही थी। उसने सुरेंद्रा को पानी में गिरे हुए देखा। इसके बाद सुरेंद्रा के परिजन खड्ड में पहुंचे। जहां पर उन्होंने सुरेंद्रा को बाहर निकाला। परिजन महिला को सीएचसी करसोग में इलाज के लिए लाए। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
चिकित्सकों ने सुरेंद्रा को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मामले की सूचना करसोग थाना पुलिस को दी। थाना करसोग के एसएचओ सुनील ने कहा कि चिकित्सकों से मामले की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।