जिला में पुरुष कांस्टेबल के 13 व चालक के छह पदों के लिए भर्ती होगी। उक्त पद गत वर्ष हुई कांस्टेबल भर्ती के दौरान खाली रह गए थे। जिन्हें दोबारा विज्ञापित किया गया है। पात्र उम्मीदवारों को 15 मार्च से पहले एसपी कार्यालय मंडी में आवेदन जमा करवाने होंगे।
खाली रहे 13 पदों में 11 एक्स सर्विसमैन, एक स्पोर्ट्स मैन, एक वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर के लिए आरक्षित हैं। वहीं, चालक के छह पद में से दो एक्स सर्विसमैन, एक अंत्योदय/आईआरडीपी, एक स्पोर्ट्स मैन, होमगार्ड एक व अन्य के लिए एक आरक्षित है। महिला कांस्टेबल के एक पद के लिए भर्ती होगी। यह पद वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर के लिए आरक्षित है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 120 रुपये और अन्य को तीस रुपये बैंक ड्राफ्ट या आईपीओ के साथ आवेदन करना होगा। बैंक ड्राफ्ट या आईपीओ एसपी मंडी जिला मंडी पेयबल मंडी के नाम बनाना होगा।
उपरोक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो होनी चाहिए। सामान्य, एससी/एसटी, ओबीसी, गोरखा के लिए 18 से 25, होमगार्ड के लिए 20 से 28 है। ग्राउंड में पुरुष वर्ग को 1500 मीटर दौड़ साढ़े छह मिनट और महिला वर्ग को आठ सौ मीटर दौड़ चार मिनट 15 सेकेंड में पूरी करनी होगी।
पुरुष वर्ग को 1.25 मीटर और महिला को एक मीटर हाईजंप लगाना होगा। पुरुष वर्ग को चार मीटर और महिला को तीन मीटर ब्रॉड जंप लगाना होगा। हाईजंप और ब्रॉडजंप के लिए तीन अवसर मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 74 पुरुष कांस्टेबल भर्ती के दौरान 13 पद, 16 चालकों के पद से छह और 23 महिला कांस्टेबल पद से एक पद खाली रह गया था। जिसके लिए अब भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उधर, एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि पात्र उम्मीदवार पदों के लिए 15 मार्च से पहले आवेदन जमा करवा सकते हैं। आवेदन सही पाए जाने पर पात्र उम्मीदवार का ग्राउंड टेस्ट लिया जाएगा। उसके बाद लिखित परीक्षा व व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया जाएगा।