थुनाग (मंडी)। सराज घाटी के चोहठ गांव में पेयजल टैंक में कीटनाशक मिलाने के मामले में पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को स्थानीय लोगों और केमिस्टों से पूछताछ की है। पुलिस के साथ गई विशेषज्ञों की टीम ने पानी और मिट्टी के सैंपल लिए हैं। आईपीएच विभाग के एसडीओ बागाचनोगी दीक्षांत शर्मा ने कहा कि टैंक की सफाई एक सप्ताह तक लगातार की जाएगी, क्योंकि टैंक की सतह में जो कीटनाशक चिपक गई है उसे पूरी तरह से साफ किया जाएगा। उसके बाद सैंपल भरा जाएगा। सैंपल पूरी तरह से सही आने पर ही लोगों को इस पानी की सप्लाई दी जाएगी। उन्होंने कहा कि तब तक लोगों को पानी की सप्लाई का प्रबंध अलग लाइन से कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त इस टैंक की पूरी तरह से फेंसिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि सब डिवीजन बागाचनोगी के तहत जितने भी पेयजल स्टोर टैंक हैं, उन सभी की सफाई के आदेश दे दिए गए हैं। उधर, एएसआई जंजैहली मोहन जोशी ने बताया कि मंडी से एएसपी भूपेंद्र कंवर स्वयं मौके पर आए थे। इस दौरान उनके साथ दो विशेषज्ञों की टीम भी थी। टीम ने पानी और मिट्टी के सैंपल लिए हैं। वहीं, पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही दवाई विक्रेताओं से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन गहनता से जारी है।