सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू में पुल से नहर में कूदी कॉलेज छात्रा का मंगलवार को बीएसएल जलाशय से शव बरामद हो गया है। मंगलवार दोपहर बाद जलाशय के किनारे से जा रहे कुछ लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचित किया। बीएसएल थाना पुलिस ने मौका पर पहुंच कर शव को जलाशय से निकाला। इसे शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल में रखा गया है। युवती की शिनाख्त कमलेश कुमारी पुत्री धर्म सिंह निवासी मलोह के रूप में ह्रुइ है। कमलेश 28 सितंबर को देर शाम करीब 7 बजे हाईवे पर धनोटू स्थित पुल से बीएसएल जलाशय में कूद गई थी। उसकी किताबों से पता चला था कि नहर में कूदी युवती स्थानीय कॉलेज में बीए 5वें सेमेस्टर की छात्रा थी। उसने यह कदम क्यों उठाया है इसका अभी पता नहीं चल पाया है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने नहर में मिली युवती की शिनाख्त कमलेश कुमारी निवासी मलोह के रूप में होने की पुष्टि की है। इधर, गत 19 सितंबर रात टक्कर के बाद बहे टैंकर चालक और जीप सवार दो लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। हालांकि उनकी तलाश में नहर व जलाशय में गोताखोर भी उतारे गए थे लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिल पाई थी। अब आशा जगी है कि उनका भी जल्द ही पता चल जाएगा।
000