मंडी। मझवाड़ में बिरोजा के तीन सौ टीन चोरी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों की पुलिस रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दो को एक बार फिर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इसमें ट्रक का चालक बबलू और बिरोजे को फैक्ट्री में बिक्री करने में मदद करने वाला अरुण शामिल है। बिरोजा चोर गिरोह के मुख्य सरगना जिला शिमला के कोटगढ़ निवासी सुनील को भी उसके अन्य साथियों के साथ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सदर थाना प्रभारी सुनील सांख्यान ने कहा कि छह लोगों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, जबकि दो को दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इनसे एक बार फिर पूछताछ की जाएगी। बिरोजा चोर गिरोह के तार प्रदेश के शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिला से जुड़े हुए हैं। अपने-अपने क्षेत्र में गिरोह के सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले अच्छी तरह से रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देकर बिरोजे की खेप को बिरोजा फैक्ट्री में बेच कर लाखों रुपये हासिल कर रहे थे। 000