बिजनौर। अपने प्यार को परवान चढ़ाने के लिए एक युवती ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने जांच की तो मामला झूठा पाया गया। पुलिस ने युवती को उसके चाचा के साथ भेज दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों ने एक साथ जीने मरने की कसमें खा रखी थीं। इस बात का पता युवती की मां व सौतेले पिता को चल गया। उन्होंने युवती पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया और उसके कहीं भी आने जाने पर रोक लगा दी। यह बात युवती को नागवार गुजरी। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सौतेले पिता को फंसाने का प्लान बनाया। पुलिस के मुताबिक प्रेमी के कहने पर युवती ने अपने पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा दिया। पुलिस पिता को थाने ले आई। युवती व पिता से जब पूछताछ की गई तो पिता पर लगाया दुष्कर्म का आरोप झूठा पाया गया। शहर कोतवाल विजेंद्रपाल राणा के मुताबिक युवती ने इसलिए झूठा आरोप लगाया था कि पिता तो जेल चला जाए और वह अपने प्रेमी के साथ शादी कर ले। पुलिस की जांच में युवती के सारे आरोप झूठे पाए गए हैं। युवती को उसके चाचा के साथ घर भेज दिया गया है।