गोहर(मंडी)। नाचन विधानसभा क्षेत्र की काढ़ी कमरूनाग पंचायत के घुराश गांव में पेड़ से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय डागू राम निवासी घुराश के रूप में हुई है। थाना प्रभारी गोहर मनोज वालिया ने घटना की पुष्टि की है। एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है। काढ़ी कमरूनाग पंचायत के प्रधान मान सिंह ठाकुर ने बताया कि डागू राम रोजाना मवेशियों के लिए चारा पत्तियां लाने के लिए समीप के जंगल में बुधवार सुबह गया। जब वह पेड़ पर पत्तियां निकाल रहा था तो अचानक उसका पांव फिसल गया और वह पेड़ से नीचे जमीन पर गिर गया। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। आसपास के ग्रामीण जब घटनास्थल पर पहुंचे तो वह दम तोड़ चुका था। ग्रामीणों ने घटना के बारे में परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पंचायत प्रधान को लोगों और परिजनों ने सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही गोहर पुलिस की टीम घुराश गांव पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया। प्रशासन की ओर से एसडीएम अनिल भारद्वाज ने मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की। पंचायत के प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था। इसलिए परिजनों को उचित सहायता राशि प्रदान की जाए।