सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़ हाईवे पर सलापड़ में मंगलवार सुबह दो कारों में आमने-सामने की टक्कर में 8 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां से 7 को प्राथमिक उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक घायल को नाजुक हालत के चलते मंडी स्थित जोनल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना सुंदरनगर में दर्ज प्राथमिकी में तमेश्वर राम ने कहा है कि मंगलवार सुबह वह अपने मित्रों के साथ आल्टो कार (एचपी31बी/6419) में सवार होकर बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार (एचपी24बी/6801) ने गलत साइड से आ कर उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों कारों में सवार लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया, पुलिस ने कार चालक विक्रांत के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायलों की शिनाख्त नरेंद्र कुमार (35) पुत्र परस राम निवासी कांडी तहसील निहरी, अनिल कुमार (32) पुत्र बुद्धि सिंह निवासी चांबी, हंसराज (26) पुत्र मनी राम निवासी मेवहड़ा सेरी कोठी, कामेश्वर पुत्र घनश्याम सिंह निवासी ब्रोहखड़ी सुंदरनगर, अमित कुमार (25) पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी जोगिंद्रनगर, विक्रांत पुत्र सुभाष चंद निवासी बिलासपुर, लक्ष्मी देवी पत्नी सुभाष चंद निवासी बरमाणा जिला बिलासपुर और ज्योति (21) पुत्री सुरेश डोगरा निवासी बरमाणा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
गढढ़े बने परेशानी
हाइवे पर गढ्ढे भी हादसों का कारण बन रहे हैं। यहां जगह जगह गढ़्ढों से हादसों का भय बना रहता है। चर्चा है कि गढ्ढ़ो को बचते बचाते चल रहा चालक गलत दिशा में चला गया। जिसके चलते सामने से आ रही गाड़ी टकरा गई और हादसा हो गया। उधर लोगों ने एनएच प्राधिकरण से गढ्ढों को भरने की मांग की है। सुंदरनगर के सलापड़ में आमने सामने की टक्कर में क्षतिग्रस्त हुए कारें।