मंडी। गोशाला में महिला का गला रेतने की वारदात के पीछे अवैध संबंध का दावा आरोपी देवर ने पुलिस के सामने किया है। पूछताछ में उसने बताया है कि इसी बात को लेकर कुछ समय पहले परिवार में झगड़ा भी हुआ था। वहीं कत्ल वाली शाम वह भी गोशाला में गया था, लेकिन उसका झगड़ा हुआ और दराट से उसने भाभी का गला रेत दिया।
आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। वारदात से ठीक एक दिन पहले भाभी का उसके भाई के साथ झगड़ा हो गया। झगड़ा होने के अगले ही दिन सुबह उसका भाई भादर सिंह ढलवाण के लिए निकल गया। शाम को नशे में करीब नौ बजे घर पहुंचा था। इस दौरान महिला अपने देवर बालम राम के साथ वारदात वाले दिन घास लाने गई थी। दोनों मवेशियों को चारा डालने इकट्ठे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित पशुशाला में गए थे। पांच बजे के करीब दोनों में पशुशाला में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। महिला ने अवैध संबंध की बात अपने पति व अन्य रिश्तेदारों को बताने की बात कही तो तैश में आकर बालम राम ने दराट से उसका गला रेत दिया। डीएसपी कर्ण गुलेरिया ने कहा कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान यह कबूला है। पुलिस हर पहलू में जांच कर रही है।