सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के सज्याओपिपलू पंचायत मुख्यालय पर अपनी दुकान के बाहर बैठे 40 वर्षीय व्यक्ति को कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह कार के नीचे आ गया और बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अरुण कुमार पुत्र जय सिंह सुबह अपनी दुकान के बाहर सज्याओपिपलू में बैठा था। उसकी दुकान सज्याओपिपलू-पाड़च्छू सड़क के किनारे पर है। इसी दौरान एक स्थानीय कार चालक अपनी कार को पाड़च्छू की तरफ मोड़ रहा था तो अचानक कार ने दुकान के बाहर बैठे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया और वह कार के नीचे आ गया। उसी समय आसपास के व्यापारियों ने तत्काल व्यक्ति को कार के नीचे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में उसे एक निजी वाहन से नागरिक अस्पताल सरकाघाट लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने उसकी स्थिति को देखते हुए जोनल अस्पताल हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बारे में पुलिस को भी सूचित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल आकर कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी करण गुलेरिया ने हादसे की पुष्टि की है।