सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल थाना सुंदरनगर के तहत झाड़ फूंक करने वाले एक कश्मीरी युवक ने उपचार के लिए पहुंची एक महिला के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। यह घटना गत वर्ष अक्तूबर माह में हुई है। जिसकी प्राथमिकी महिला ने एक फरवरी को थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय एक महिला ने बीएसएल थाना में दर्ज अपनी प्राथमिकी में कहा है कि अक्तूबर माह में वह किसी के कहने पर झाड़ फूंक करने वाले एक कश्मीरी युवक से मिली थी। जिसने उसे उपचार के नाम पर कई बार बुलाया। इसी दौरान एक बार उसने उसे अकेला पाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाये। इस घटना के बाद उसने महिला को धमकाया कि अगर उसने इस बारे में किसी से भी कोई बात की तो उसकी खैर नहीं है। महिला के अनुसार इस घटना के बाद से वह भारी मानसिक तनाव में रही। जब वह इससे बाहर निकली तो उसने आरोपी के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।