सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र में एक युवती ने ढलवान पंचायत के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लगातार दो साल तक दुराचार करने का आरोप लगाया है। युवती ने आरोपी पर एक लाख रुपये हड़पने का भी आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि दो साल पहले उसकी एक सहेली ने आरोपी से उसकी जान पहचान करवाई और कहा कि वह आरोपी और युवती की शादी भी करवा देगी। युवती को विश्वास में लेकर आरोपी ने उसकी सहेली के घर में ही उससे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने उसको कहीं ओर एक अन्य महिला के घर पर रखा। इस दौरान उसने कई बार पीड़िता के साथ संबंध बनाए। पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने एक बार उससे 20 हजार नकद, 13 हजार का मोबाइल और एक चांदी का ब्रेसलेट समेत एक लाख भी खर्च करवाया। पीड़िता का कहना है कि पहली अक्तूबर को आरोपी उसके पास आया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह शादी से मुकर गया। आरोपी ने बताया कि वह विवाहित है इसलिए उससे शादी नहीं कर सकता। युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी को कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है। डीएसपी कर्ण गुलेरिया ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी की तलाश जारी है।