मंडी। सुंदरनगर में वेटरनरी फार्मासिस्ट कल्पना कुमारी की आत्महत्या मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। विवाहिता का पति, तीन ननद और सास इस मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। आरोपियों पर प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज है। महिला के माता पिता ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक मंडी को सोमवार को ज्ञापन सौंपा। शिकायतकर्ता माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी कल्पना के बेटे को उनके पास रहने दिया जाए। आरोपी पति, दादा और दादी के पास बेटे को नहीं भेजा जाए । उन्होंने कहा कि उनकी बेटी 10 अगस्त को बिस्तर पर मृत पाई गई थी। उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते थे। बीएसएल कॉलोनी सुंदरनगर में केस दर्ज है। आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। उन्होंने मांग उठाई है कि आरोपियों को किसी भी तरह की रियायत न दी जाए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। कल्पना का चार वर्षीय बेटा उनके पास ही रहना चाहता है, उसे भी छीनने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी मंडी गुरदेव चंद ने विश्वास दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है।