सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल नहर में मंगलवार सुबह डूब रहे एक व्यक्ति को बचा लिया गया। नहर किनारे से जा रहे कुछ लोगों की नजर जब इस शख्स पर पड़ी तो उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद इस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की। जानकारी के अनुसार धनोटू की तरफ से एक व्यक्ति बीएसएल परियोजना की नहर में बहता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोग उसे बचाने के लिए नहर के किनारे-किनारे दौड़ते रहे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि उसे निकालना मुश्किल हो गया। इसके बाद वह बहता हुआ कंट्रोल गेट के पास पुल के नजदीक पहुंचा तो वहां पर मौजूद लोगों ने पुल की रेलिंग से नीचे उतरकर पानी में रस्सी फेंककर उसकी जान बचाई। यह मामला पुलिस के संज्ञान में न आने से नहर में बह रहे व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन उसकी बीबीएमबी कालोनी का निवासी होने की बात सामने आ रही है। उधर, बीएसएल पुलिस थाना के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नहर में गिरे व्यक्ति और उसे बचाने की जानकारी किसी ने भी थाना में नहीं दी है।