गोहर (मंडी)। क्षेत्र की बस्सी पंचायत के टिक्करधार गांव में दो साल की नन्हीं बच्ची की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार की है और इससे गांव में मातम छा गया है। बच्ची की पहचान रूही पुत्री ओम प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। टिक्करधार का ओम प्रकाश बुधवार को खाना खाने के बाद अपनी दोनों बेटियों रूही और उर्वशी को घर में सुलाने के बाद खेतों में काम करने चला गया। ओम प्रकाश की पत्नी गोहर के ख्योड़ मेले में खरीदारी करने गई हुई थी। इस दौरान ओम प्रकाश की 2 वर्ष की बेटी रूही नींद से जाग उठी और घर के समीप मवेशियों के लिए बनाए गए पानी के टैंक के पास चली गई। रूही का पांव अचानक फिसला और वह टैंक में गिर गई। मां मेले से शाम को जैसे ही घर पहुंची तो उसने उर्वशी से रूही के बारे में पूछा। उर्वशी ने बताया कि वह टैंक के पास खेल रही थी। जब रूही की मां टैंक के पास गई तो उसने अपनी बेटी को टैंक में डूबा देखा और जोर-जोर से रोने लगी। ओम प्रकाश भी वहां पहुंचा लेकिन तब तक बच्ची की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। घटना का पता चलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना की सूचना एसडीएम गोहर को दी। इसके बाद एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मृतक बच्ची के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये वितरित किए। एसएचओ मनोज वालिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
000