सरकाघाट/धर्मपुर (मंडी)। बैंकों के एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी के शाखा प्रबंधक ने अपनी ही कंपनी के दो कर्मचारियों के खिलाफ करीब 39 लाख रुपये के गबन के आरोप लगाते हुए सरकाघाट और धर्मपुर पुलिस थाना में अलग-अलग मामला दर्ज करवाया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी के शाखा प्रबंधक अजित कुमार ने धर्मपुर थाना में कंपनी के दो कर्मचारियों चंद्रकांत निवासी सरकाघाट और संदीप निवासी भोरंज (हमीरपुर) पर सरकाघाट, थौना, धर्मपुर और बरोटी के एटीएम में 39 लाख 17 हजार रुपये न डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। अजित कुमार के अनुसार उनकी कंपनी एटीएम में पैसे डालने का काम करती है। कंपनी के कस्टोडियन ने एसबीआई धर्मपुर के एटीएम में 12 लाख 66 हजार और पीएनबी बरोटी के एटीएम में सात लाख 75 हजार, सरकाघाट एसबीआई के एटीएम में 15 लाख 42 हजार 900, पीएनबी थौना के एटीएम में तीन लाख 30 हजार 500 और यूको बैंक के एटीएम में 2600 रुपये की राशि कम डाली है। जिस पर उन्होंने कंपनी के दोनों कस्टोडियन के खिलाफ पैसे के गबन का मामला दर्ज करवाया है। उधर, थाना प्रभारी धर्मपुर जय लाल ने बताया कि कंपनी के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पैसे के गबन का मामला आईपीसी की धारा 420, 406 के तहत दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सरकाघाट और आईटी एक्सपर्ट भारत भूषण कंपनी के मुख्य कार्यालय चंडीगढ़ रवाना हो गए हैं। मामले को पुष्टि डीएसपी सरकाघाट मदन धीमान ने की है।