नेरचौक (मंडी)। नेरचौक बाजार में किराये के मकान में रह रहे शिमला के एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी पहचान दीपक कुमार पुत्र राम सिंह निवासी टुटू, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
दीपक कुमार (26) नेरचौक में किराये के मकान में रह रहा था। साथ में उसकी पत्नी शिवानी और 3 वर्षीय बेटी भी साथ ही रहते हैं। वह बेरोजगार था, जबकि उसकी पत्नी किसी ब्यूटी पार्लर में काम करती है। बुधवार रात को वह कमरे में सो गया। बगल वाले कमरे में उसकी पत्नी और 3 वर्षीय बेटी सोई थी।
सुबह जब उसकी पत्नी उठी तो उसने देखा कि पति ने पंखे की कुंडी के साथ फंदा लगा लिया था। उसने आनन-फानन में शिमला टुटू में परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दीपक कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था।
उधर, एसएचओ बल्ह राजेश ठाकुर ने कहा कि युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000