दुकान मालिक और किरायेदार में मारपीट, एक टांडा रेफर
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के मच्छयाल में दुकान मालिक और किरायेदार के बीच में हुई मारपीट में किरायेदार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बस्सी पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी कमलेश कुमार मामले की छानबीन कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार लंबित किराये को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर बाद में मारपीट हिंसक होती गई। इस मारपीट में राकेश कुमार निवासी कौंशल (बस्सी) को गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए टांडा अस्पताल रेफर करना पड़ा। पुलिस ने शिकायतकर्ता चमन लाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाएगी।