सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के धनोटू में आग लगने से रेडिमेड कपड़ों का शोरूम जल गया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। बीएसएल थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार ललित चंदेल ने कहा है कि वह 2014 से धनोटू में द लिटलमार्ट के नाम से रेडिमेड कपड़ों और जूतों का शोरूम चला रहा है। रविवार देर रात करीब 12 बजे उसके भवन की तीसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार का फोन आया कि उसके शोरूम के शटर से धुआं निकल रहा है। इस पर वह तुरंत शोरूम पहुंचा। जब किसी तरह शटर खोला तो पाया कि अंदर आग की लपटें हर तरफ फैली हुई थीं। इसके बाद उसने बीएसएल की अग्निशमन विभाग को इस बारे सूचित किया लेकिन जब तक कर्मी आग बुझाने के लिए मौका पर पहुंचे अंदर रखा रेडिमेड कपड़ों और जूते इत्यादि पूरी तरह से जल कर राख हो चुके थे। उन्होंने बताया कि घटना में करीब 10 लाख का सामान जल गया है। थाना प्रभारी कमलकांत ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। तहसीलदार उमेश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर हल्का पटवारी से मौका का दौरा कर आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की गई है।
000