रिवालसर (मंडी)। हाईटेंशन बिजली की चपेट में आने से दो लाइनमैन झुलस गए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके चलते उसे मंडी अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना वीरवार करीब दोपहर तीन बजे की है।
विद्युत सब स्टेशन रिवालसर के तहत नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड 1 में विभाग के दो लाइन मैन दत्त राम और खेम चंद ट्रांसफार्मर पर चढ़कर काम कर रहे थे। कर्मचारियों ने बिजली भी बंद की थी, लेकिन अज्ञात कारणों से बिजली चालू होने से दोनों कर्मचारी करेंट की चपेट में आ गए। दत्त राम की टांगें और बाजू बुरी तरह से झुलस गई हैं, जबकि खेमचंद अधिक प्रभावित नहीं हुआ है। करेंट लगने से दोनों कर्मचारी पोल पर लटके रहे। अगर जमीन पर गिर जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि बिजली के शार्ट सर्किट से हाई टेंशन की तार जलकर टूट गई, जिससे लाइट दम बंद हो गई।
स्थानीय लोगों में बोर्ड के कर्मचारियों को गंभीर अवस्था में रिवालसर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद दत्त राम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मंडी भेज दिया। खेम चंद को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। कर्मचारियों के परिजनों में बिजली बोर्ड की लापरवाही पर रोष जताया है। उन्होंने इस घटना के लिए बोर्ड को जिम्मेवार ठहराया है। पुलिस चौकी प्रभारी मुंशी राम ने कहा कि मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग रिवालसर भगत राम शर्मा का कहना है कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए वह कार्य स्थल पर स्वयं मौजूद थे। बिजली बंद थी। बिजली कैसे चालू हो गई समझ नहीं आ रहा है।