सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की डैहर उपतहसील के खरोटा गांव के 46 वर्षीय राजकुमार पुत्र निक्का राम ने शुक्रवार सुबह घर से थोड़ी दूर जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर भेज दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। शुक्रवार सुबह घर से पशुओं को घास लेने राजकुमार अपने खेतों की ओर से गया था। जब वह दोपहर तक वापस नहीं पहुंचा तो पत्नी उसकी तलाश में गई, जिसने थोड़ी दूर उसे पेड़ से लटका पाया। महिला के चीखने चिल्लाने पर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को इस बारे में सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर उसे नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डैहर पुलिस चौकी प्रभारी हरीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।