सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के तहत कुनालग में 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार उर्फ बिट्टू पुत्र ज्ञान चंद निवासी लुकाणू की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सुरेंद्र कुनालग में ही दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार रोजमर्रा की तरह सुरेंद्र कुमार सुबह आठ बजे घर से दुकान पहुंचा। साफ-सफाई और पूजा पाठ करने के बाद अचानक थोड़ी देर बाद सीने में दर्द उठने से वह दुकान में ही गिर गया। जब एक ग्राहक दुकान में सामान लेने पहुंचा तो वह फर्श पर गिरा हुआ था। उसने आसपास के दुकानदारों को एकत्र किया। लेकिन, सिविल अस्पताल सरकाघाट में पहुंचते ही सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में तैनात डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र कुमार की आकस्मिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, नगर पंचायत के अध्यक्ष संदीप वशिष्ट, नगर विकास समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह गुप्ता ने परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।