सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल पुलिस थाना सुंदरनगर में दो अलग-अलग मामलों में 45 ग्राम स्मैक सहित दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएल थाना पुलिस को सूचना मिली कि महादेव में एक युवक स्मैक बेचने का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने महादेव निवासी जितेंद्र कुमार (20) के घर पर छापामारी की। जहां तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अलमारी में से 41.10 ग्राम स्मैक बरामद की। इस पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। दूसरे मामले में पुलिस दल ने चांबी पंचायत के सकराह के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस ने सकराह मोड़ के पास एक युवक को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका। जब पुलिस दल ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 4.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के धारा 21, 61 और 85 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि वह मादक पदार्थ बेचने वालों की सूचना पुलिस को देकर अपना सामाजिक दायित्व निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।