सरकाघाट में घर से सरकारी
सीमेंट के 21 बैग बरामद
पुलिस ने दी दबिश, प्रधान पर सीमेंट बेचने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में पुलिस ने 21 सरकारी सीमेंट की बोरियां बरामद की हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। प्रारंभिक छानबीन में आरोपी ने एक पंचायत प्रधान पर ही सीमेंट बेचने के आरोप जड़े हैं। पुलिस ने सीमेंट जब्त करके जांच शुरू कर दी है। वहीं पंचायत प्रधान ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सरकारी सीमेंट से एक रिहायशी मकान की दूसरी मंजिल में काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां सरकारी सीमेंट पड़ा हुआ पाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमेंट जब्त कर लिया है। आरोप पंचायत प्रधान पर लगे हैं, लेकिन पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं आपसी रंजिश या किसी दबाव में आकर आरोप तो नहीं लगाए गए हैं। सीमेंट कहां से खरीदा गया है? किस लाट का सीमेंट है? किस काम के लिए यह जारी हुआ है, जांच की जा रही है। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।