गोहर (मंडी)। दहेज की मांग को लेकर पत्नी की पिटाई करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शाला गांव में पति ने दहेज की बार-बार मांग के बाद पत्नी की लात घूसों से पिटाई कर दी। उसके कपड़े तक फाड़ दिए। विवाहिता के साथ मारपीट करने वालों में देवरानी, सास, ससुर और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। पीड़ित महिला ने महिला पुलिस थाना मंडी में शिकायत दर्ज कर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धारा 498 ए, 323, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी गुरदेव चंद ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार शाला गांव की महिला की शादी 2012 को हुई थी। इसके बाद पति नरेंद्र कुमार और उसका परिवार महिला से बार-बार दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करते रहे। शुक्रवार सुबह विवाहिता के पति ने अपनी पत्नी की लात घूसों से पिटाई कर दी और उसके कपड़े फाड़ डाले। इसके बाद महिला की देवरानी, सास, ससुर और एक अन्य व्यक्ति ने भी उसकी पिटाई कर दी। महिला ने घायल अवस्था में महिला पुलिस थाना मंडी पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करवा दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि आरोपियों को जल्द हिरासत में लिया जाएगा।