सुंदरनगर (मंडी)। पीओ सेल ने एएसआई ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में एक चरस मामले में उद्घोषित अपराधी को कुल्लू से पकड़ने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार आरोपी प्यारे राम पुत्र टेक सिंह निवासी गांव जाणा डाकघर लारणकेलो पुलिस थाना मनाली जिला कुल्लू के खिलाफ सुंदरनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी और उसके खिलाफ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय-2 मंडी के न्यायालय में चरस का मामला विचाराधीन था। आरोपी प्यारे राम लगातार पेशियों से गैर हाजिर रहता था। इस पर 2019 में न्यायालय ने आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन इसका कोई सुराग नहीं लग रहा था। वहीं, पीओ सेल टीम मंडी को आरोपी के जिला कुल्लू के गांव जाणा में मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पीओ सेल टीम मंडी के एएसआई ओम प्रकाश शर्मा, एचएचसी मोहिंद्र सैनी और एलएचसी दिनेश चौधरी ने गांव जाणा में दबिश देकर उसे दबोच लिया। पीओ सेल टीम ने आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी प्यारे राम को पुलिस थाना सुंदरनगर के हवाले कर दिया है। डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया कि पकडे़ गए उद्घोषित अपराधी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।