उपमंडल के निहरी क्षेत्र में एक युवक के साथ शिमला निवासी एक व्यक्ति द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। बीएसएल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार निहरी निवासी एक महिला अनामकू देवी ने निहरी पुलिस चौकी में दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसका पुत्र पिछले लंबे से से वाहन चालक का काम करता है, परंतु उसके पास लाइसेंस नहीं था। इसी दौरान कुछ दिनों पहले उसके पुत्र की मुलाकात शिमला के लोअर चक्कर निवासी हरीश कुमार के साथ हुई।
उसने उसका वैध लाइसेंस बनवाने की बात कही और इसकी एवज में दस हजार रुपये मांगे। जिस पर युवक की मां ने हरीश के खाते में लाइसेंस के लिए दस हजार की राशि ट्रांसफर कर दी, लेकिन राशि ट्रांसफर होने के बाद युवक ने अपना फोन बंद कर दिया है तथा अब उससे कोई भी संपर्क नहीं हो रहा है। जिससे प्रतीत होता है कि हरीश ने उनके साथ ठगी की है।
इस संबंध में डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादसं की धारा 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।