पंडोह (मंडी)। क्षेत्र के हटौण गांव में सात दिन पहले बना गड्ढा अब लोगों के लिए खतरे का कारण बन गया है। गड्ढे की दरारें अब घरों के नजदीक पहुंच चुकी हैं जिससे ग्रामीणों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। प्रभावित एसडीएम सदर से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस पूरे मामले में एनएचएआई व कंपनी प्रबंधन पहले ही साफ कर चुके हैं कि गड्ढे व धंसाव का टनल निर्माण से कोई संबंध नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने मौके का निरीक्षण किया था लेकिन अब तक गड्ढे को भरने की कोई कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। लगातार बढ़ती दरारें किसी बड़े हादसे का संकेत दे रही हैं। प्रभावित व्यक्ति हरदेव शर्मा ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर मुख्यमंत्री सुक्खू के मंडी दौरे में अपनी समस्या को लेकर मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। इस बीच उनकी प्रशासन सुनवाई तक नहीं कर रहा है। हरदेव शर्मा ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गड्ढे को भरने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।