मंडी। दुष्कर्म के आरोपी सीए को हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है। हाईकोर्ट ने सशर्त आरोपी को 12 दिसंबर तक अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया है। वहीं, बुधवार को आरोपी सीए महिला थाने में आकर पुलिस की पूछताछ में शामिल भी हुआ। बता दें कि सीए पर अपनी सहकर्मी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। इस मामले में बीती 22 नवंबर को महिला थाना में पीड़ित युवती ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बाद से ही आरोपी सीए भूमिगत हो गया था। जिला अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की गई थी। यहां जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने आरोपी को 12 दिसंबर तक सशर्त अंतरित जमानत दे दी है। पुलिस जांच में शामिल होने को भी कहा है। एसपी गुरदेव शर्मा ने आरोपी को अंतरिम जमानत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को पुलिस मामले की स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश करेगी। हाईकोर्ट से मिलने वाले आदेशों के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।